डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा घायल

गौरव सिंघल, बेहट। कलसिया-छुटमलपुर रोड स्थित गांव संसारपुर के पास मोड़ पर डंपर ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में सुमित (26) निवासी गांव इब्राहिमपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मोहित (19) घायल हो गया। पुलिस ने उन्हें सीएचसी बेहट पहुंचाया और हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी। 

जानकारी के अनुसार सुमित अपने चचेरे भाई मोहित के साथ बाइक पर क्षेत्र में किसी प्राइवेट चिकित्सक के पास दवाई लेने के लिए आ रहा था। गांव संसारपुर के पास पुल से पहले तीव्र घूम पर उनकी बाइक में तेज गति से आए डंपर ने साइड मार दी। जिससे बाइक चला रहा मोहित साइड लगने के बाद सड़क से नीचे जा गिरा, जबकि सुमित को डंपर कुचलकर निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के जिम्मेदार डंपर को उसका चालक लेकर भाग गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल मोहित को सीएचसी बेहट और मृतक के शव को मोर्चरी भिजवाया। हादसे के बारे में पता चलने पर मृतक के रिश्तेदार कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव पठलोकर से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post