शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसंत पंचमी व पराक्रम दिवस के अवसर पर गुरुवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें विद्यालय स्टाफ के साथ छात्राओं ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष शोभित सिंह, कोषाध्यक्ष राज सिंह तथा प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा मौजूद रहीं। इस मौके पर वरिष्ठ आचार्य योगेश और राजेंद्र ने अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने बसंत ऋतु पर आधारित समूहगान प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान अर्चना शर्मा ने वीर हकीकत राय के जीवन प्रसंग सुनाकर धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित किया। वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भजन “मेरे तन में राम, मेरे मन में राम” ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।वरिष्ठ आचार्या रितु गोयल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जन्मदिवस पर इस दिन को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष राज सिंह ने भी बसंत पंचमी को उत्साह और नवचेतना से जोड़ते हुए अपनी बात रखी। प्रधानाचार्य डॉ. वंदना शर्मा ने मां सरस्वती जयंती व बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
