यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी, शपथ भी दिलाई

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर योग एवं स्वास्थ्य विज्ञान महाविद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करना रहा। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र कुमार, डॉ. राजीव कुमार (सदस्य बाल कल्याण समिति), समाजसेवी मुकुल दुआ तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक नाटक प्रस्तुत कर संदेश दिया कि लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है और छोटी-सी सावधानी बड़े हादसे से बचा सकती है। क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाना अनिवार्य है, वहीं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना जीवन सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी समझाया कि तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, रेड लाइट तोड़ना और ओवरटेकिंग जैसी गलतियों के कारण गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं को सड़क पर पैदल चलते समय भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

उपनिरीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र कुमार ने युवाओं से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की और कहा कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करना या मैसेज देखना सीधे तौर पर दुर्घटना को न्योता देना है। उन्होंने सभी को नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। डॉ. राजीव कुमार ने देश व प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े प्रस्तुत किए और बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति के लिए पहला एक घंटा (गोल्डन आवर) सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाने तथा आमजन की मदद के लिए संचालित राहवीर योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और लोगों से मानवता के नाते आगे बढ़कर मदद करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। क्षेत्राधिकारी यातायात ने महाविद्यालय प्रशासन से अनुरोध किया कि प्रतिदिन असेंबली व प्रार्थना के समय छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि यह आदत नियमित रूप से उनके जीवन में शामिल हो सके। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और यातायात पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार साबित होते हैं। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post