गौरव सिंघल, देवबंद। द दून वैली पब्लिक स्कूल में लोहड़ी एवं मकर संक्रान्ति पर्व का आयोजन किया गया। स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने अग्नि प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का प्रारम्भ किया गया। तत्पश्चात पंजाब के वीर नायक दुल्ला भट्टी पर आधारित लोक गीत गाते व नृत्य करते हुए ढोल नगाड़े की थाप पर सभी ने अग्नि की परिक्रमा की। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने लोहड़ी की प्रमाणिक कहानी बताकर कहा कि लोहड़ी एक खुशी का पर्व है। इस दिन किसान की फसल खेत से घर आती है।
ग्रन्थों के अनुसार विवाहित कन्या को घर बुलाकर उसका सम्मान करने की परम्परा का प्रारम्भ प्राचीन दक्ष के उस यज्ञ से जुड़ता है। जिसमें पार्वती जी ने स्वयं अग्नि को समर्पित कर दिया था। इसके साथ ही मकर संक्रान्ति के पौराणिक महत्व को बताते हुए इस दिन यज्ञ, जप, तप, दान, सेवा, समर्पण इत्यादि की महत्ता को रेखांकित किया गया। उन्होंने कहा कि सूर्य देव को समर्पित यह त्यौहार हर राज्य में अलग-अलग नाम से मनाया जाता है। कार्यक्रम के अन्त में सभी को प्रसाद स्वरूप मूँगफली, रेवड़ी व तिल-गुड़ की गजक का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

