शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरबालियान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोयला, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरालसी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहजनी तगान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुटबा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसौली में आयोजित मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य मेलों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मेलों में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाएं, पंजीकरण प्रक्रिया तथा चिकित्सकीय परामर्श की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। डॉ. सुनील तेवतिया ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य मेलों का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके नजदीक निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं गंभीर रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डाॅ. सुनील तेवतिया ने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा संक्रामक रोगों से बचाव के मानकों का भी जायजा लिया। उन्होंने जहां-जहां आवश्यक सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य मेलों के माध्यम से सरकार की मंशा है कि जनसामान्य को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले और आम लोगों का स्वास्थ्य स्तर बेहतर हो। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर संबंधित सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

