शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। जनपद के सरधना क्षेत्र में हुई युवक सोनू कश्यप की हत्या के बाद आज प्रदेश सरकार में दिव्यांगजन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने मृतक सोनू के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष एवं गंभीर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार न्याय और कानून के आधार पर चल रही है, इसलिए किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी कानून से नहीं बच पाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को निजी तौर पर एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्तर से मिलने वाली सहायता व सुविधाएं भी दिलाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और अपराध करने वालों को सजा और पीड़ितों को न्याय अवश्य मिलेगा। उन्होंने विपक्ष को ऐसे मामलों में राजनीति न करने की नसीहत दी और सोनू हत्याकांड सहित अभी हाल ही में हुई महिला की हत्या को लेकर विपक्ष की सक्रियता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल माहौल गर्म करने और राजनीतिक चमक बटोरने के इरादे से मेरठ और सरधना का रुख करना चाहता है, जबकि ना तो परिवारों के प्रति संवेदनाएं दिखा रहा है और ना ही किसी प्रकार की सहयोग की पहल कर रहा है।

