श्रीराम पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग छात्रों ने किया औद्योगिक भ्रमण

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्रीराम पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत  छात्रों को शैक्षणिक उद्देश्य से वसुंधरा इंफ्रा बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण कराया गया।औद्योगिक भ्रमण को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने हेतु छात्रों को 4-4 छात्रों के समूहों में विभाजित किया गया, जिसमें कुल 28 छात्रों ने सहभागिता की। भ्रमण के दौरान छात्रों को शहरी विकास, आधुनिक निर्माण तकनीकों, स्मार्ट सिटी परियोजना, गुणवत्ता नियंत्रण तथा परियोजना प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही छात्रों ने साइट पर प्रायोगिक सर्वे कार्य भी किया, जिसमें ऑटो लेवल द्वारा स्टाफ सर्वे, रेफरेंस लेवल (त्स्) का निर्धारण, हाई ऑफ इंस्ट्रूमेंट की गणना, बेंचमार्क की पहचान, गुनिया लेवल का समायोजन, इंस्ट्रूमेंट की सेंटरिंग एवं लेवलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल रहे। छात्रों ने इन सभी कार्यों को स्वयं करके मापन प्रक्रिया को समझा, जिससे उनकी फील्ड नॉलेज में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
इस अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर अमित चौधरी ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की रूपरेखा, निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्माण क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। कंपनी के इंजीनियर कमल एवं इंजीनियर सागर ने साइट पर चल रहे निर्माण कार्यों का चरणबद्ध निरीक्षण कराते हुए सर्वे एवं निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष जोनी कुमार ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण एवं साइट पर कराए गए सर्वे कार्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। विभाग के प्रवक्ता मुकुल पुलस्त्य ने बताया कि इस प्रकार के फील्ड वर्क से छात्रों की तकनीकी समझ मजबूत होती है और वे वास्तविक परियोजनाओं के लिए तैयार होते हैं।

श्रीराम पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि साइट पर किए गए सर्वे एवं मापन कार्य छात्रों की व्यावहारिक दक्षता बढ़ाते हैं, जो भविष्य में प्लेसमेंट एवं रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post