बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, सड़कों पर आवाजाही रही कम

गौरव सिंघल, देवबंद। आज सुबह से हो रही बारिश ने जिले के मौसम का मिजाज बदल दिया है। पिछले कई दिनों से खिल रही धूप से लोगों को ठंड से काफी राहत मिल रही थी। लेकिन शुक्रवार को सुबह से ही आ रही बारिश से एक बार फिर लोग ठिठुरन महसूस करने लगे। बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो गया और सड़कों पर आवाजाही भी बहुत कम रही। लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकाले।  बारिश ने जहां लोगों को परेशानी में डाला वहीं किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हो रही है। गेहूं, सरसों और आम की फसलों को इस समय हुई नमी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। 

किसानों के मुताबिक यह बारिश पैदावार में सुधार लाएगी और खेतों में नई ऊर्जा भर देगी। उधर बसंत की शुरुआत के साथ पतंगबाजी की तैयारी कर रहे युवाओं के उत्साह पर बारिश ने पानी फेर दिया। खुले आसमान में ऊंची उड़ान भरने वाली रंग-बिरंगी पतंगों की जगह बादलों ने डेरा जमा लिया। जिससे पतंगबाजी का मजा अधूरा रह गया। बारिश के चलते बाजारों में बहुत कम दुकानें खुली दिखाई दी। पूरे दिन हो रही बारिश से लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे। बारिश के चलते सुबह से लेकर शाम तक देवबंद नगर की बिजली आपूर्ति भी बंद रही। जिससे लोगों को घरों में पानी न आने की समस्या भी बनी रही। उधर, बसंत ऋतु की शुरुआत के दिन वर्षा होना समृद्धि का सूचक माना गया है। माना जाता है कि, बसंत पंचमी पर अगर हल्की और शांत बारिश हो तो यह शुभ होती है और मां सरस्वती कृपा बरसाती है।ऐसी बारिश ज्ञान, विवेक और सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह को भी बढ़ाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post