अहमदाबाद के पहले नवीनीकृत एन-जेन (नेक्स्ट जेन) थीम आधारित डाकघर का आईआईएम में उद्घाटन हुआ, अब डाक सेवाओं के साथ-साथ मिलेंगी वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, युथ-केंद्रित कम्फर्ट सीटिंग स्पेस जैसी सुविधाएं

शि.वा.ब्यूरो, अहमदाबाद। भारतीय डाक डिजिटल सोच, आधुनिक सुविधाएँ और युवा ऊर्जा के साथ नए भारत की रफ्तार में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। पारंपरिक डाक सेवाओं से आगे बढ़ते हुए अब डाकघर एन-जेन (नेक्स्ट जेन) के लिए स्मार्ट और आधुनिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के दृष्टिकोण से निर्देशित इस पहल के तहत डाकघरों को जीवंत, विद्यार्थी-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-सक्षम स्थानों के रूप में पुनःपरिकल्पित किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुजरात के द्वितीय एवं अहमदाबाद के प्रथम नेक्स्ट जेन थीम आधारित नवीनीकृत आईआईएम डाकघर का उद्घाटन आज गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर, आईआईएम अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर तथा उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि आईआईएम अहमदाबाद डाकघर को नई पीढ़ी (एन-जेन) की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं के अनुरूप पुनःडिज़ाइन किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप यह एक जीवंत हैंगआउट-कम-सेवा केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। कूल, आकर्षक और युवा-केंद्रित लुक-एंड-फील के साथ तैयार किया गया यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली में एक परिवर्तनकारी छलांग को दर्शाता है, जिसे विशेष रूप से विद्यार्थियों, युवाओं और डिजिटल नेटिव्स को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। आईआईएम के निदेशक प्रो. भारत भास्कर ने डाक विभाग की एन-जेन पोस्ट ऑफिस पहल को एक दूरदर्शी और समयोचित कदम बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आधुनिक और तकनीक-सक्षम डाकघर से अधिकाधिक छात्र लाभान्वित होंगे तथा डाक विभाग की सेवाओं का सक्रिय रूप से उपयोग करेंगे। उन्होंने आईआईएम अहमदाबाद के छात्रों द्वारा एन-जेन पोस्ट ऑफिस में सक्रिय सहभागिता की भी सराहना की।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि युवा केंद्रित यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस युवाओं को आधुनिक सुविधाएँ प्रदान करेगा, जिसमें वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, पीओएस/ क्यूआर कोड स्कैन करके यूपीआई-आधारित डिजिटल भुगतान, युथ-केंद्रित कम्फर्ट सीटिंग स्पेस, छात्रों के लिए स्पीड पोस्ट व पार्सल सेवाओं पर 10% की विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, पार्सल पैकेजिंग सर्विस, आधार सेवा, फिलेटली, डाकघर बचत सेवाएँ, डाक जीवन बीमा, आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, छात्रों के बीच आपसी संवाद और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए इंडोर गेम्स की सुविधाएँ भी प्रदान की गई हैं। आईआईएम छात्रों को अहमदाबाद के पहले एन-जेन थीम आधारित नवीनीकृत आई.आई.एम डाकघर को डिज़ाइन करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। यह अनोखा पोस्ट ऑफिस आईआईएम के छात्रों ने इंडिया पोस्ट के साथ मिलकर छात्रों का, छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए की फिलॉसफी पर बनाया है। इसमें स्थानीय संस्कृति, युवा रचनात्मकता और आधुनिक डिजिटल सेवाओं का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है।
गौरतलब है कि गुजरात के पहले एन-जेन थीम आधारित नवीनीकृत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गांधीनगर डाकघर का शुभारम्भ 5 दिसंबर, 2025 को किया गया था। यह परिवर्तन एक राष्ट्रीय पहल का हिस्सा है, जिसमें शैक्षणिक परिसरों में स्थित 46 मौजूदा डाकघरों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, इस नए साल में 54 अतिरिक्त डाकघरों को भी इस महत्वाकांक्षी नवीनीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल किया जायेगा। इन डाकघरों में डिजिटल सुविधाओं, नवाचार और आकर्षक वातावरण के माध्यम से युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने तथा उन्हें अधिक सुलभ, सहज और प्रासंगिक बनाने की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी के साथ अधिक प्रत्यक्ष, सार्थक और सतत जुड़ाव स्थापित करना है।
इस अवसर पर डाक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक डॉ. एस. शिवराम, निदेशक डाक सेवाएं सुरेख रेघुनाथेन, प्रवर डाक अधीक्षक चिराग मेहता, आईआईएम डीन प्रो. सतीश देवधर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कर्नल (डॉ.) जगदीश सी. जोशी, प्रवर अधीक्षक पियूष रजक, शिशिर कुमार, आइपीपीबी चीफ मैनेजर अभिजीत जिभकाटे, डिप्टी अधीक्षक एसके वर्मा, दीपक वाढेर, सीनियर पोस्टमास्टर पीजे सोलंकी, सहायक निदेशक वीएम वहोरा, अल्पेश शाह, रितुल गाँधी, सहायक डाक अधीक्षक विशाल चौहान, अलकेश परमार, आरटी परमार, हार्दिक राठोड, एचजे परिख, भाविन प्रजापति, पोस्टमास्टर कृतिबेन मेहता सहित तमाम अधिकारी-छात्र मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post