शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। संत रविदास जयंती, शब-ए-बारात आदि आगामी पर्व व त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने, कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा जिला पंचायत सभागार में गणमान्य व्यक्तियों, धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की मीटिंग आयोजित की।
जिलाधिकारी ने सभी पीस कमेटी के सदस्यों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी कर उनके शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी से अपील की कि सभी लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाये रखते हुए त्योहारों को मनाया जाए। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडने की कोशिश करने वालों, असामाजिक तत्वों तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक अवंछित गतिविधियों दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, बल्कि अफवाह की पुष्टि उच्चाधिकारियों से करे तथा जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण का माहौल बनाये रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी पोस्ट शेयर न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों तथा किसी भी प्रकार की भडकाऊ, गलत व अशोभनीय पोस्ट शेयर न करें, जिससे आपसी सौहार्द खराब हो। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में शांति, अनुशासन एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। उन्होंने निर्देशित किया कि संत रविदास जयंती व शब-ए-बारात शोभा यात्रा के दौरान शासन द्वारा जारी गाईडलाइन्स का पालन करें तथा कोई भी नई परंपरा प्रारम्भ न करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



