किसान उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड का मूल मंत्र है सभी के लिए किफायती दामः रामकुमार वालिया

सचिन गुप्ता, खतौली। किसान उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड का अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपने पैतृक गांव तिसंग पधारे उत्तराखण्ड़ के पूर्व राज्य मंत्री रामकुमार वालिया का ग्रामवासियों ने फूलमालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया। गांव पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों और कारों के काफिले के साथ श्री वालिया का भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें मंच तक लाया गया। 

इस अवसर पर ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए रामकुमार वालिया ने कहा कि भारत के विभिन्न स्थानों पर मल्टीपरपज स्टोर खोलकर आम जनता को सस्ते दामों पर दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराने की दिशा में किसान उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पहल से जहां उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण सामान मिलेगा, वहीं बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना के पहले चरण में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इनके द्वारा पेट्रोल पंप तथा गैस एजेंसियां खोलने की भी योजना है। 

नगर के होली चैक स्थित वरिष्ठ पत्रकार सुनील वर्मा के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में राम कुमार वालिया ने बताया कि किसान उपभोक्ता बहुराज्यीय सहकारी समिति लिमिटेड को बहुराज्यीय सहकारी समितियां अधिनियम 2002 के अंतर्गत भारत सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि इस समिति का उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सस्ती दरों पर जूते-चप्पल, कपड़े, आटा, दाल, चावल, खाद्य सामग्री, किसान मशीनरी, खाद, कीटनाशक दवाइयां, पेट्रोलियम पदार्थ, जैविक उत्पाद आदि उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि किसान उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड का मूल मंत्र सभी के लिए किफायती दाम है। उन्होंने कहा कि समिति सहकारी खरीद-बिक्री को बढ़ावा देकर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सहकारी सिद्धांतों के माध्यम से स्वरोजगार, ग्रामीण कल्याण और सतत विकास को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रजिस्ट्रार की स्वीकृति से यह समिति दिल्ली से प्रारंभ होकर पूरे भारत में कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्था में एक अध्यक्ष, सात निदेशक तथा 100 से अधिक डेलीगेट शामिल हैं। 

इस अवसर पर सुनील करनवाल, जितेंद्र गौड़, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष इरशाद गुर्जर, राजन वालिया, ग्राम प्रधान रोशन सिंह, ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह, राजीव, अंकित, रिंकू करनवाल, भाजपा नेता शौकीन चैधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post