अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने की जनपदवासियों से अपील, कहा- 17 व 18 जनवरी में अपने बूथ पर अपना नाम निर्वाचक नामावली में देख लें

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने सूचित किया है कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद की सभी 6 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लविल अधिकारियों द्वारा 18 जनवरी को बैठक आयोजित करके आलेख्य निर्वाचक नामावली को समस्त उपस्थित सदस्यों को पढ़कर सुनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि 17, 18, 31 जनवरी व 01 फरवरी के विशेष अभियान की तिथियों में सभी बूथ लेविल अधिकारी अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में यदि कोई त्रुटि परिलक्षित हो रही है तो उस त्रुटि को दूर करने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी अर्ह मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जाने की कार्यवाही की जायेगी तथा फार्म 6 प्राप्त किये जायेंगे।

उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि 17 एवं 18 जनवरी में अपने बूथ पर जा कर अपना नाम निर्वाचक नामावली में देख लें। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों में निर्वाचक नामावली सभी मतदान केन्द्रों पर निःशुल्क नाम देखने हेतु उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि आयोग की वेब साइट पर www.ceouttarpradesh.nic.in पर Search Your Name Electoral Roll के बटन पर क्लिक करके मतदाताओं द्वारा अपने से सम्बंधित विवरण की पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने बताया कि मतदाता https://voters.eci.gov.in पर भी अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं तथा अपने मोबाइल में Voter Help Line app डाउनलोड करके भी उक्त सेवायें प्राप्त की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post