शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अन्तर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के अवसर पर श्रीराम कॉलेज ऑफ लॉ में मानव अधिकार और संवैधानिक कर्तव्य विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एडीजे व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सीता राम सहित चैधरी हरचन्द सिंह लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ0 रविन्द्र प्रताप सिंह, श्री राम कॉलेज ऑफ इन्जीनियरिंग के निदेशक डॉ0 एसएन चौहान, श्री राम कॉलेज के निदेशक डॉ0 अशोक कुमार, उप्रचार्य श्री राम कॉलेज के डॉ0 सौरभ मित्तल मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
बतौर मुख्य अतिथि एडीजे सीता राम ने कहा कि मनुष्य शिशु के रूप में जन्म लेता है तथा शिशु को जन्म लेते ही मानव के रूप में गरिमामय जीवन जीने का अधिकार प्राकृतिक रूप से प्राप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मानव के लिए स्वत्रंतता, समानता तथा सम्मान क अधिकार के साथ जीवन में आगे बढ़ने तथा समाज के किसी भी क्षेत्र में कार्य करने के लिए खुला मार्ग उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भारत में मानव अधिकार बहुत विलम्ब से लागू किये गये है। उन्होंने कहा कि 28 सितम्बर 1993 को मानव अधिकार कानून बनाया गया है, जिसके आलोक मे 12 अक्टूबर 1993 को सरकार ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग का गठन करके नागरिकों के हितो व अधिकारो की सुरक्षा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि आपने मानव अधिकार आयोग द्वारा किये जाने वाले कार्य, उसकी शक्तियां तथा कार्यप्रणाली का भी विस्तार से वर्णन किया।
महाविद्यालय की प्रवक्ता आँचल अग्रवाल ने कहा कि मानव अधिकार मनुष्य के मूलभूत एवं सार्वभौमिक अधिकार है, जिनसे मनुष्य को नस्ल, जाति, राष्ट्रीयता, धर्म किसी भी आधार पर वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों में आर्थिक, सामाजिक अधिकारों के समक्ष समानता व शिक्षा का अधिकार शामिल है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 10 दिसम्बर 1948 को विश्व मानवाधिकार घोषणा पत्र जारी करके मानव मूल्यों तथा आदर्शों के संरक्षण पर बल दिया गया। डॉ0 रविन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मानव अधिकारो का मूल उददेश्य मानव की गरिमा को सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सन 1950 से संयुक्त राष्ट्र संघ से सम्बद्ध देशों के द्वारा मानवाधिकार दिवस को मनाने का प्रयास सराहनीय है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 पूनम शर्मा ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आँचल अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ0 पूनम शर्मा, सोनिया गौड, संजीव कुमार, आंचल अग्रवाल, रितु धीमान, मिनी सिंघल, विश्वेन्द्र पंवार, आशीष कुमार, विनय तिवारी, प्रीती, त्रिलोक चंद का सराहनीय योगदान रहा।



