गौरव सिंघल, सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में नागरिक सुरक्षा विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभाग के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया तथा विभाग की गतिविधियों, चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत में उप नियंत्रक कश्मीर सिंह, चीफ वार्डन राजेश कुमार जैन, डिप्टी चीफ वार्डन हंसराज सैनी तथा सहायक उप नियंत्रक दिनेश कुमार द्वारा मंत्री जी का बुके एवं शॉल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। धर्मवीर प्रजापति ने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद से अब तक नागरिक सुरक्षा विभाग को नई दिशा देने का कार्य मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने किया है। स्वयंसेवक निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करते हैं, किंतु अभी तक उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाई जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्डनों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड एवं प्रमुख चौराहों पर विभाग के कार्यों की जानकारी वाले बैनर लगाए जाएं तथा धार्मिक पर्वों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएं। इससे विभाग का प्रचार-प्रसार होगा तथा समाज में स्वयंसेवकों की नई पहचान बनेगी।
राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि परमार्थ के कार्यों में लगे रहें तथा समाज को अपना सहयोग प्रदान करते रहें। उन्होंने जेल मंत्री रहते हुए एक दौर के अनुभव का जिक्र किया, जब जिला कारागार में कैदियों से मिलने गए तो महिला कैदियों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी थे। दो-तीन महिलाओं के बच्चें आगे खड़े थे, एक बच्चें ने उनके पैर छुए तथा जेल वाहन से एक बच्ची झांक रही थी। इन घटनाओं ने उनके दिल को झकझोर दिया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखा तथा महिलाओं के साथ जेल में रहने वाले छोटे बच्चों के रहने एवं पढ़ाई की उचित व्यवस्था कराई गई। उप नियंत्रक कश्मीर सिंह ने राज्यमंत्री को पिछले एक वर्ष में नागरिक सुरक्षा द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान ऑपरेशन अभ्यास के तहत 07 मई, 2025 को पूरे देश में नागरिक सुरक्षा द्वारा आपदा एवं हवाई हमले से बचाव की सफल मॉक ड्रिल आयोजित की गई, साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देशन में भारत सरकार की अधिसूचना दिनांक 29 मई, 2025 के अनुपालन में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में नागरिक सुरक्षा विभाग की स्थापना की गई तथा उप नियंत्रक एवं सहायक उप नियंत्रक के पद सृजित किए गए।
उन्होंने विभाग के प्रमुख कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले से जन-धन की क्षति को न्यूनतम करना, जनमानस का मनोबल बनाए रखना तथा उत्पादन क्षमता को सुरक्षित रखना है। वर्तमान परिदृश्य में विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा धार्मिक पर्वों एवं आयोजनों में पुलिस-प्रशासन को शांति व्यवस्था में सहयोग प्रदान करते हैं। चीफ वार्डन राजेश कुमार जैन ने कहा कि नागरिक सुरक्षा के वार्डन बिना वर्दी के सिपाही हैं, जो बिना किसी वेतन या मानदेय के प्रतिकूल परिस्थितियों में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हैं। उन्होंने राज्यमंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया तथा नगर में आबादी के आधार पर चार डिवीजन बनाने का प्रस्ताव रखा।


