डाॅ.संजय अग्रवाल, मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में संचालित गीता ज्ञान पाठशाला में विगत रात्रि गीता ज्ञान प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रीमती शशिकांता स्मृति मंच तथा ऑल इंडिया एंटी करप्शन कमिटी (जनपद इकाई) के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से गीता एवं महाभारत से जुड़े प्रसंगों पर आधारित मौखिक प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक समझ का परिचय दिया। मुख्य संरक्षक इंजीनियर सुभाष चंद्र अग्रवाल ने विजयी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर सुभाष चंद्र अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में नैतिक मूल्यों और जीवन-दर्शन को मजबूत करते हैं। डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने शशिकांता स्मृति मंच के उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। मंच की उपाध्यक्ष कांक्षा अग्रवाल ने बच्चों को मंच की आगामी योजनाओं से अवगत कराते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक रूप देने की बात कही। ऑल इंडिया एंटी करप्शन कमिटी की ऑल इंडिया कोर कमेटी के महासचिव राजकुमार रहेजा ने संगठन द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। गांधी कॉलोनी हाउसिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष पवन छाबड़ा तथा ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य ममता चौहान को माल्यार्पण कर शाल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस निरंतर सेवा में मंदिर अध्यक्ष राकेश गुड़िया, सचिव विनोद छाबड़ा के साथ-साथ प्रशिक्षकों संजय कुमार, मनोज भाटिया, माधव कालरा, ध्रुव, भारत सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में शशिकांता स्मृति मंच की उपाध्यक्ष आकांक्षा अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। बता दें कि श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में स्थापना काल से ही विगत 58 वर्षों से गीता ज्ञान की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। विशेष बात यह है कि चाहे शहर में कर्फ्यू रहा हो या किसी भी प्रकार की कठिन परिस्थितियां आई हों, गीता ज्ञान की यह परंपरा कभी बाधित नहीं हुई।


