एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में पर्यावरण बचाओ, भविष्य बचाओ विषय पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के बीबीए विभाग द्वारा आईक्यूएसी सेल एवं ब्रेनिऑक्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण बचाओ, भविष्य बचाओ विषय पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल, बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह तथा गतिविधि संयोजक डॉ. संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। 

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा ही मानवता की सुरक्षा है। बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि आज का छोटा कदम ही कल के सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संचालन की विस्तृत जिम्मेदारी गतिविधि संयोजक डॉ. संगीता गुप्ता ने निभाई। उन्होंने छात्रों को प्रतियोगिता के महत्व, उद्देश्यों एवं मूल्यांकन के आधारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल एक विषय नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, और युवा पीढ़ी यदि जागरूक होगी तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः सुनिश्चित होगा। उन्होंने स्लोगन लेखन की विधा, अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, सामाजिक संदेश और प्रभावशाली प्रस्तुति के महत्व पर भी प्रकाश डाला। 

प्रतियोगिता में बीबीए विभाग के सभी सेमेस्टरों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने अपनी कल्पनाशीलता तथा संवेदनशीलता को. आकर्षक स्लोगन्स के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिनमें पेड़-पौधों के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, रीसाइकलिंग, प्लास्टिक मुक्त जीवन और पृथ्वी के प्रति जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता था। स्लोगन्स में सामाजिक चेतना, रचनात्मक सोच तथा पर्यावरण हितैषी दृष्टिकोण का समावेश विशेष रूप से देखने को मिला। 

कार्यक्रम के मध्य चरण में विद्यार्थियों के स्लोगन प्रदर्शित किए गए, जिनका अवलोकन प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल, विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह, गतिविधि संयोजक डॉ. संगीता गुप्ता तथा विभाग के सभी प्राध्यापकों ने किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों की रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम में बीबीए विभाग के सभी शिक्षक दीपक गर्ग, मोहम्मद अंजार, संजय, अभिषेक, सोनिका, पूर्वी, प्राची मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post