शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर।जनपद के कृषकों की समस्याओं का निस्तारण कराने के उदेश्य से आज तृतीय बुधवार को किसान दिवस जनपद स्तर पर जिला पंचायत सभा कक्ष में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें कृषकों को गत किसान दिवस की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गयी। उन्होंने किसान समाधान दिवस में किसनों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि विद्युत कनेक्शन की पूरी फीस लेने के बाद उसी ट्रासंफार्मर से अन्य कृषक द्वारा कनेक्शन लिया जाता है तो उससे भी पूरा पैसा जमा कराया जाता है, इस विषय में उन्होंने उचाधिकारियों से वार्ता कर फीस कम करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पीडब्लूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आप सडको को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने एवं जनपद के खण्ड विकास अधिकारियों को जनपद के तालाबो को अच्छी प्रकार से सफाई कराने तथा अधिकारियों को स्वयं संज्ञान लेकर शिकायतों का समय से निस्तारण करायें।
उन्होंने निस्तारण आख्या की साफ्ट कापी जन शिकायत मोबाईल ऐप पर अपलोड करने तथा हार्ड कापी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया तथा आगामी किसान समाधान दिवस पर सम्बन्धित अधिकारियों को समय से किसान समाधान दिवस में उपस्थित होने हेतु भी निर्देशित किया । किसान दिवस में उप निदेशक कृषि प्रमोद कुमार सिरोही सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी तथा किसान आदि उपस्थित रहे।


