शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। आज भारतीय समयानुसार साल का दूसरा और भारत में साल का पहला चंद्र ग्रहण का प्रारंभ रात 9.57 बजे होगा। ग्रहण का मध्य काल रात 11.41 बजे और मोक्ष काल रात 1.27 बजे होगा। ग्रहण का स्पर्श, मध्य व मोक्ष संपूर्ण भारत में दिखायी देगा। इसे पश्चिमी प्रशांत महासागर, हिंद महासागर, पूर्वी अटलांटिक महासागर, अंटार्कटिका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप आदि में देखा जा सकेगा। चंद्रग्रहण 3.29 घंटे का रहेगा। इसका सूतक काल 9 घंटे पहले यानी दोपहर 12.57 से लग चुका है। यह ग्रहण न केवल खगोलीय दृष्टि से विशेष है, बल्कि धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ग्रहण को हाल के वर्षों में घटित होने वाली सबसे प्रभावशाली खगोलीय घटनाओं में से एक माना जा रहा है। इस बार सौ साल बाद पितृ पक्ष में चंद्रग्रहण एवं सूर्य ग्रहण का दुर्लभ संयोग है, हालांकि सूर्य ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा। यह विदेश में रहेगा। यह ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में लगेगा, जो इसे और भी अधिक असरदार बनाता है। शास्त्रों के अनुसार इस दौरान देव-प्रतिमाओं का स्पर्श, पूजा-पाठ और हवन जैसे कार्य वर्जित माने गए हैं। हालांकि, जप और ध्यान करना इस समय कई गुना फलदायी होता है। चंद्र ग्रहण के कारण विश्व विख्यात सच्चियाय माता के कपाट भक्तों के लिए सोमवार यानी 8 सितम्बर को सुबह 6 बजे से मंगल आरती के बाद शुरू होंगे, जिन्हें माता के दर्शन, चंद्र ग्रहण में सूतक काल को लेकर बंद किये गये हैं।
आज होने वाला चन्द्र ग्रहण मेष राशि के जातकों के लिए अचानक धन लाभ वे सेहत में कुछ हानि के योग बना रहा है। वृषभ राशि वालों के लिए यह चंद्र ग्रहण मिश्रित फल प्रदान करने वाला होगा। मिथुन राशि वालों के लिए यह चंद्रग्रहण शुभ फलदायी रहेगा। कर्क राशि के जातकों पर इस चन्द्र ग्रहण का प्रतिकूल असर पड़ सकता है। सिंह राशि के जातकों के चंद्रग्रहण शुभ साबित होगा। कन्या राशि के जातकों के लिए चंद्रग्रहण छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए शुभ परिणाम देने वाला हो सकता है। तुला राशि के जातक को अपने बच्चों की ओर से चिंता बनी रहेगी। वृश्चिक राशि वालों के लिए नई संपत्ति खरीदने का योग बन सकता है। धनु राशि के जातकों के लिए यह चंद्रग्रहण शुभ परिणाम देने वाला होगा। मकर राशि के जातकों के खर्च बढ़ सकते हैं। कुंभ राशि के जातकों के लिए यह चन्द्रग्रहण आध्यात्मिक साधना और आत्मचिंतन के लिए शुभ समय कहा जाएगा। मीन राशि के जातकों पर इस चन्द्रग्रहण का प्रतिकूल असर देखने को मिल सकता है।
