अमृत सरोवर में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत

गौरव सिंघल, बेहट। जनपद के बेहट कोतवाली क्षेत्र के मनमजरा गांव में अमृत सरोवर में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मनमजरा गांव में अमृत सरोवर में नहाने गए अंश (11) पुत्र मोहनलाल व यश (9) पुत्र नवीन की अमृत सरोवर में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने अन्य दोस्तों के साथ नहाने के लिए गोगा म्हाड़ी के पास स्थित तालाब पर गए थे। नहाते वक्त दोनों अधिक गहराई में जाने से डूब गए। किसी तरह दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। 

बता दे कि इस तालाब में रजबहे का पानी भरने से जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। पानी ज्यादा देखकर बाकी बच्चे तो वापस लौट गए, जबकि अंश व यश नहाने के लिए तालाब में घुस गए। नहाते वक्त वह गहराई में चले और डूबने लगे। बच्चाें के शोर मचाने पर उन्हें डूबता देख आसपास के लोग दौड़कर तालाब किनारे पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में समा गए और कहीं दिखाई नहीं दिए।सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के कुछ युवक तैरना जानते थे। उन्होंने तालाब में घुसकर दोनों के शव पानी से बाहर निकाले। परिजन कानूनी प्रक्रिया के बिना ही शवों को अपने साथ ले गए। 

बताया जा रहा है कि मृतक अंश मोहनलाल की इकलौती संतान थी। थोड़ी खेतीबाड़ी व मजदूरी करके वह अपने बेटे की परवरिश कर रहा था। अंश पास के गांव इश्हाकपुर चेंची के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में पढ़ता था और कक्षा पांच का छात्र था। उसकी मौत के बाद उसकी मां बेसुध हो रही है। यश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था, उसके पिता नवीन मजदूरी करते हैं। दोनो बच्चों की मौत से उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post