गौरव सिंघल, सहारनपुर। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर एवं कानून व्यवस्था व सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसएसपी,एसपी-सिटी एवं क्षेत्राधिकारी-प्रथम ने महानगर की सड़कों पर पैदल मार्च किया। इस मौके पर उनके साथ नगर कोतवाल नीरज सिंह, थाना सदर बाजार प्रभारी प्रभाकर कैन्तुरा, थाना कुतुबशेर प्रभारी सतीश कुमार, थाना जनकपुरी प्रभारी अविनाश गौतम सहित कई चौकी प्रभारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी डा.विपिन ताड़ा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, क्षेत्राधिकारी प्रथम अजेन्द्र यादव, थाना सदर बाजार प्रभारी प्रभाकर कैन्तुरा, थाना कुतुबशेर प्रभारी सतीश कुमार, थाना जनकपुरी प्रभारी अविनाश गौतम एवं नगर कोतवाल नीरज सिंह का यह पैदल मार्च घंटाघर स्थित किशनपुरा पुलिस चौकी से शुरू होकर कोर्ट रोड, देहली रोड इत्यादि मुख्य बाजारों से निकलता हुआ सदर बाजार चौकी पर समाप्त हुआ।
इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी डाॅ.विपिन ताड़ा एवं एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक द्वारा लोगों एवम व्यापारियों से सम्पर्क साधकर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ विपिन ताड़ा ने कहा कि आने वाले त्योहारों के मद्देनजर एवं कानून व्यवस्था व सुरक्षा के दृष्टिगत सम्पूर्ण जनपद में फ्लैग मार्च चलाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए जनता की सुरक्षा अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनता को पूरी तरह से सुरक्षा का भरोसा दिया।


