गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद की ग्राम पंचायतों में अब घर-घर से कूड़ा एकत्र किया जाएगा। इसके तहत सफाई कर्मचारी रेहड़े के रूप में बनाई ई-रिक्शाओं से कूड़ा एकत्र करेंगे। इसके बाद कचरे को कूड़ा संग्रह केंद्र पहुंचाया जाएगा, जहां पर तरल और ठोस कूड़े को अलग-अलग कर उसे उपयोगी बनाने पर भी कार्य होगा।
दरअसल स्वच्छ भारत मिशन के तृतीय चरण में कूूड़ा प्रबंधन सहित ग्राम पंचायतों के सुंदरीकरण एवं स्वच्छता के लिए शासन ने 25 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। पहले चरण में 25 करोड़ से 53 ग्राम पंचायतों में कायाकल्प अभियान चलेगा। इसके साथ ही एक जनवरी से घर-घर से सफाई कर्मचारी कूड़ा एकत्र करेंगे। इसकी शुरुआत पहले 53 ग्राम पंचायतों से होगी। इसके बाद जनपद के 11 विकास खंडों की 884 ग्राम पंचायतों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारियों को ई-रिक्शाएं भी दी जाएंगी।

