मंडलायुक्त ने किया पीएम वानी सेवाओं का शुभारंभ

गौरव सिंघल, सहारनपुर। मंडलायुक्त डा. लोकेश एम. ने सर्किट हाउस सभागार में पीएम वानी सेवाओं का शुभारंभ किया। जिसके माध्यम से मां शाकंभरी देवी शक्तिपीठ में बेहतर नेटवर्किंग की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। मंडलायुक्त ने कहा कि पीएम वानी के अंतर्गत स्टार्टअप के माध्यम से प्राप्त होने वाली नेटवर्किंग सुविधा पूरी तरीके से सुरक्षित है और शक्तिपीठ से अब वीडियो कॉलिंग कर पाना संभव हो सकेगा। 

इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निदेशक दूरसंचार डीके गुप्ता ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सार्वजनिक वाई-फाई के माध्यम से ब्रॉडबैंड सेवाओं के प्रसार के लिए प्रधानमंत्री वाई-फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (PM-WANI) को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 09/12/2020 को मंजूरी दी गई है। PM-WANI फ्रेमवर्क यूपी सहित पूरे देश में सस्ती दरों पर हाई स्पीड इंटरनेट सेवाओं का विस्तार करने के लिए सरकार का एक क्रांतिकारी कदम है। PM-WANI व्यवसाय करने में आसानी प्रदान करता है और राष्ट्रीय विकास और रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इस प्रकार, PM-WANI (पीएम- वानी)  के तहत सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क किसी भी छोटे व्यवसाय धारक जैसे छोटे दुकानदार / या किसी भी संस्था द्वारा बिना किसी पंजीकरण / डीओटी के लाइसेंस शुल्क के शुरू किया जा सकता है। भारत सरकार से पंजीकृत टेलीकॉम स्टार्टअप सी क्यू लैब्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस संबंध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग करते हुए एक एकीकृत वाई फ़ाई नेटवर्क की रचना की गई है। इस तकनीक का प्रयोग करते हुए पूरे राज्य के सभी वाई फ़ाई हॉटस्पॉट्स को सी क्यू नेटवर्क से सम्बद्ध किया जा सकता है। जिससे की उपभोक्ताओं को रोमिंग सुविधा सहज ही प्रदान की जा सकेगी। यह तकनीक देश में टेलीकॉम सेवाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सक्षम है और हाई स्पीड ब्रॉडबैंड सेवाएं अब ग्रामीण अंचलों में भी सुगमता पूर्वक पहुंचाई जा सकेंगी।

मां शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ मैं नेटवर्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने वाली कंपनी CEQU Labs के सीईओ कुमार सत्यम ने कहा कि इन सेवाओं का विस्तार सहारनपुर मंडल के अन्य क्षेत्रों में करने हेतु उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post