गौरव सिंघल, सहारनपुर। स्थानीय निकाय के आरक्षण को लेकर जिले के आठ नगरीय निकायों से आई 81 आपत्तियों को एडीएम प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी द्वारा निरस्त कर दिया गया। डा. अर्चना द्विवेदी ने बताया कि एक भी आपत्ति ऐसी नहीं पाई गई जो शासनादेश के अनुसार ना हो। जिले में कुल 12 निकाय हैं। चार निकायों से कोई आपत्ति नहीं आई। सबसे ज्यादा आपत्तियां नगर निगम सहारनपुर और नगर पंचायत रामपुर मनिहारान से आई थी।
एडीएम प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी ने सभी आपत्तियों को ध्यान से सुना और सुनवाई के बाद रद्द कर दिया और इसकी सूचना आज शासन को भेज दी गई। जल्द ही वार्डों का आरक्षण अंतिम रूप से जारी हो जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज की राजनीतिक स्तर पर बहुत उपेक्षा हो रही है। मुख्य संरक्षण नरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री अरविंद शांडिल्य ने नगर निकाय की सामान्य सीटों पर ब्राह्मण समाज को टिकट वितरण में उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की। पूरे मंडल में ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने आरक्षण को लेकर गहरा रोष जताया। उन लोगों का आरोप है कि स्थानीय निकाय चुनावों में सवर्ण समाज की राजनीतिक रूप से घोर उपेक्षा की जा रही है।
