भाजपाइयों ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका, धरना भी दिया

गौरव सिंघल, सहारनपुर। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भाजपाई भड़क गए। भाजपाइयों ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। 

इस दौरान प्रदेश मंत्री डाक्टर चंद्रमोहन ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री द्वारा दिया गया बयान उनके मानसिक दिवालियापन का प्रतीक है। मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि 1971 में पाकिस्तान के हजारों सैनिकों ने भारतीय सेना के सामने घुटने टेक दिए थे। शायद उसी को याद कर पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने यह बयान दिया है। भारतीय सेना को इतिहास दोहराने में देर नही लगेगी।

राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी नेता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूरे विश्व में बढ़ती लोकप्रियता को बर्दाश्त नही कर पा रहे हैं। यह पाकिस्तान की बौखलाहट और हताशा का परिणाम है, जो इस तरह की अभद्र टिप्पणी की गई है। 
उन्होंने कहा कि शायद पाकिस्तान पूर्व में हुई सर्जिकल और एयर स्ट्राइक को भूल गया है, जब हमारे जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को नेस्तनाबूद किया। इस दौरान कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, कीरत सिंह, महापौर संजीव वालिया, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, जिला प्रभारी डीके शर्मा, प्रमोद अट्टा, पूर्व विधायक जगपाल, नरेश सैनी, अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, गौरव गर्ग, साहब सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post