अलग-अलग सडक हादसों में छात्रा समेत छह की हुई मौत

गौरव सिंघल, सहारनपुर। दिन भर घना कोहरा और धुंघ छाए रहने से मुख्य मार्गों पर सुबह से दोपहर तक दृश्यता 100 मीटर से कम होने के चलते जिले के फतेहपुर, देवबंद और बडगांव थाना क्षेेत्र में हुए सडक हादसों में छात्रा समेत छह लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए। कार्यवाहक एसपी ग्रामीण एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने यह जानकारी दी।

जिले भर में बिना रिफलैक्टर लगे वाहन सडकों पर दौड रहे है। कोहरा पडने से खतरनाक मोड भी हादसो का कारण बन रहे है। वहां भी रिफलेक्टर या तो लगे हुए नहीं है या क्षतिग्रस्त पडे है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक जिले के थाना फतेहपुर क्षेत्र में आज सुबह कस्बा छुटमलपुर में हनुमान मंदिर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर में 51 वर्षीय मोहर पाल पुत्र चौहान सिंह निवासी डाडा पट्टी थाना भगवानपुर हरिद्वार की मौत हो गई। मृतक की पुत्री प्रियंका ने बताया कि उसके पिता किसी काम के लिए घर से निकले थे कि उनकी अज्ञात वाहन के टकराने से मौत हो गई। फतेहपुर थाना अध्यक्ष प्रमोद रावत के मुताबिक दूसरा सडक हादसा आज दोपहर 12 बजे कलसिया मार्ग पर हुआ। जहां मुजफ्फराबाद पुलिस चौकी के तहत गांव शेखपुर मुजाहिरपुर निवासी 55 वर्षीय महताब पुत्र जुलफान की बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दुघर्टनाग्रस्त हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन बिना कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। उधर देवबंद कोतवाली क्षेत्र में सहारनपुर-देवबंद नेशनल हाईवे पर साखन नहर के पास आज दोपहर 48 वर्षीय पोस्टमैन दिनेश त्यागी पुत्र जयप्रकाश त्यागी निवासी गांव साखन खुर्द की बाइक किसी वाहन की चपेट में आकर दुघर्टनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दिनेश त्यागी और 26 वर्षीय उनकी भतीजी मोनी त्यागी पुत्री अजमेर त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनो को देवबंद सीएचसी लाया गया। जहां पोस्टमैन दिनेश त्यागी की मौत हो गई। उनकी भतीजी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक हृदय नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। देवबंद कोतवाली के तहत ही आज दूसरा सडक हादसा सांपला गांव के पास हुआ जब घने कोहरे के कारण 30 वर्षीय जयकिशन की बाइक बिजली के खंबे से जा टकराई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। 
पुलिस निरीक्षक हृदय नारायण सिंह ने बताया कि जयकिशन गांव खजूरी का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया है। उधर थाना बडगांव क्षेत्र में आज दोपहर दो बजे सडक पार कर रहे साइकिल सवार 60 वर्षीय वृद्ध की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराई जा रही है। बीती रात देवबंद कोतवाली के खेडामुगल मार्ग पर बाइक सवार 17 वर्षीय 10 वीं की छात्रा चारू पुत्री नरेश कुमार निवासी गांव पनियाली कासिमपुर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई और उसका भाई 15 वर्षीय आयुष जो कक्षा आठ का छात्र है, गंभीर रूप से घायल हो गया।
धुंध और कोहरे का फायदा उठाकर हादसा करने वाले सभी वाहन चालक फरार होने में कामयाब रहे। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने लोगो से अपील की कि वे अभी बेहद सर्तक होकर वाहन चलाए और सडक नियमों का गंभीरता से पालन करे। ध्यान रहे कोहरे के चलते आए दिन जिले में आधा दर्जन सडक हादसे हो रहे है। जिनमें दो-तीन लोगों की रोज जान जा रही है। परिवहन और यातायात विभाग दोनो की लापरवाहियां भी दुघर्टनाओं की वजह बन रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post