गौरव सिंघल, देवबंद। कोतवाली क्षेत्र के खेड़ामुगल मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार दसवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। जबकि उसका भाई गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार देवबंद कोतवाली क्षेत्र के तल्हेड़ी बुजुर्ग क्षेत्र के पनियाली कासिमपुर गांव निवासी नरेश कुमार की पुत्री चारु (17) दिव्य ज्ञान ज्योति इंटर कॉलेज में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। जबकि उसका भाई आयुष (15) आठवीं कक्षा में पढ़ता है। दोनों बाइक द्वारा वापस घर लौट रहे थे। जब वह खेड़ामुगल मार्ग पर पड़ने वाले पशु चिकित्सालय के समीप पहुंचे तो सामने से आए किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें चारू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सड़क हादसे में हुई चारू की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।

