गौरव सिंघल, सहारनपुर। जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पिछले कई दिनों से की जा रही लगातार छापेमारी से व्यापारियों में जबरदस्त रोष है। जिलेभर में कारोबारी व्यापार संगठनों के बैनर तले इकट्ठा होकर दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन देकर अपनी नाराजगी जता रहे है। इससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने सहारनपुर नगर, देवबंद, बेहट, नकुड, नानौता, गंगोह में व्यापारियों ने बैठक कर विरोध की रणनीति तैयार की है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष सुभाष सिंघल की अगुवाई में व्यापारियों ने बैठक की और भाजपा विधायक मुकेश चौधरी से मिलकर उन्हें ज्ञापन दिया। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष मनोज गोयल, नगराध्यक्ष सतीश सिंघल, महामंत्री पंकज जैन आदि भी थे। अनेक स्थानों पर छापेमारी के दौरान व्यापारियों ने अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद कर दिए। दूूसरी ओर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने जीएसटी विभाग की छापेमारी का विरोध करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से आयकर की छूट सीमा पांच लाख से बढाकर आठ लाख करने की मांग की।
उन्होंने जीएसटी के सरलीकरण की मांग भी की। पांच करोड के टर्न ओवर वाले व्यापारियों को 10 लाख रूपए के स्वास्थ्य बीमे की सुविधा देने और नए उद्योग लगाने के लिए दस साल तक करो में छूट देने की मांग भी की। इस दौरान उनके साथ रमेश अरोडा, राजीव अग्रवाल, संदीप सिंघल और रमेश डाबर आदि भी थे।
