छापामारी के विरोध में मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा

गौरव सिंघल, नागल। जीएसटी विभाग द्वारा लगातार की जा रही छापे की कार्रवाई से क्षुब्ध पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में कस्बा नागल में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। 

दीपक गुप्ता ने कहा कि जीएसटी विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर जिस तरह दहशत का माहौल बनाया जा रहा है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी जीएसटी में सबसे बड़ा करदाता है, वाणिज्य कर आयुक्त के इशारे पर अधिकारी सरकार को राजस्व देने वालों का ही उत्पीड़न करने में लगे हैं। युवा अध्यक्ष जावेद राज ने जीएसटी विभाग की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि व्यापारी सरकार की नीतियों के अनुरूप राजस्व दे रहा है, लेकिन सरकार व्यापारी को ही चोर की संज्ञा देने में लगी है। उन्होंने सरकार से व्यापारी हित में कार्य करने की अपील की। 
इस दौरान विपिन हांडा, परवीन लाला, जयपाल वालिया, कपिल तायल, कादिर गौर, ताबिश गौर, राहुल, महमूद, बिजेंद्र, हरि मोहन, कुलदीप गर्ग, आवेश राज, शोएब मलिक आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post