गौरव सिंघल, सहारनपुर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन स्थित ऑडिटोरियम में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग से चयनित प्रवक्ताओं एवं सहायक अध्यापकों को एनआईसी द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर के माध्यम से पदस्थापना एवं नियुक्ति पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर प्रदेश के 1395 प्रवक्ता व सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये।
जनपद स्तर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलैक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित सभी प्रवक्ताओं एवं सहायक अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश का युवा अपनी योग्यता, प्रतिभा एवं क्षमता से आगे बढ रहा है। उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि अपने परिवार की तरह ही अपने स्कूल, कॉलेज, कक्षा, छात्रों के प्रति जवाबदेही के साथ सभी की उम्मीदों पर खरा उतरें। इसी के साथ विद्यालय के अन्दर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का क्षेत्र जितना आसान और सम्मानजनक है उतना ही चुनौतीपूर्ण भी है। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार विद्यालयों में अच्छा शैक्षणिक माहौल प्रदान करें। अपने आपको हमेशा अपडेट रखें। आपकी योग्यता एवं क्षमता ही आपको हर प्रकार से सम्मान दिलायेगी। उन्होने कहा कि प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित जनपद के 18 प्रवक्ता एवं 01 सहायक अध्यापक को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये।
एनआईसी सभागार में हर्ष त्यागी, कन्हैया, शुभम कुमार, शुभम मित्तल, अंकित कुमार, संदीप भटनागर, विकास कुमार, प्रवेश कुमार, सौरभ अग्रवाल, अनिता, कु0 शुरभी शर्मा, राधा, रीतु चौहान, कोकिल रानी तथा सिकन्दर आजम कुल 15 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने बताया कि नव चयनित 19 अध्यापकों में से 11 को जनपद सहारनपुर में नियुक्ति मिली है। नियुक्ति स्थल का चयन पारदर्शिता के आधार पर ऑनलाइन माध्यम से रैंकिंग को ध्यान में रखकर किया गया है।जन प्रतिनिधियों से हुई वार्ता के दौरान सभी नव चयनित शिक्षकों ने कहा कि उनका चयन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके के साथ उनकी योग्यता के अनुसार हुआ है।





