गौरव सिंघल, सहारनपुर। पुलिस ने पुष्पवर्षा कर शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया है। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के अवसर पर सहारनपुर पुलिस द्वारा आज कांवड़ यात्रा मार्ग स्थित घंटाघर चौराहे पर शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनकी सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। साथ ही श्रद्धालुओं से यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। सहारनपुर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सहायता में तत्पर है।
