गौरव सिंघल, सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में बम डिस्पोजल स्क्वॉड एवं एंटी-सैबोटाज चेक टीम द्वारा लगातार सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज मंगलौर-देवबंद कांवड़ मार्ग, बड़गांव कांवड़ मार्ग, शिव मंदिर मानकी तथा शिव मंदिर ध्याना सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की सहायता से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर, कांवड़ शिविर, पार्किंग स्थल, सार्वजनिक स्थानों, मार्गों एवं संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ यात्रियों एवं आमजन से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील की गई।
