गौरव सिंघल, सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई की रेलवे रोड स्थित व्यापार मण्डल मुख्यालय कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि देश के करोडो व्यापारियों का सर्वमान्य सबसे पुराना संगठन भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल अपने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में देश के व्यापारियों की सेवा करता आ रहा है। संगठन प्रति वर्ष अगस्त माह में दिल्ली में एक विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन करता आया है, जिसमें देश के समस्त प्रदेशों के व्यापारी प्रतिनिधि अपने व्यापारी साथियों के साथ भाग लेते आये है और यह संगठन लम्बे समय से लगातार व्यापारियों और सरकार के बीच में एक सेतु का कार्य करता आया है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता (राजस्थान) व राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री उप्र उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा (उत्तर प्रदेश) एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अबकी वर्ष 9 अगस्त 2026 रविवार को नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित मावलंकर हॉल, कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में यह 45 वां सम्मेलन करने का निर्णय लिया है। सम्मेलन का उद्घाटन भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व हर्ष मल्होत्रा करेंगे तथा व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के अध्यक्ष सुनील सिंघी भी संबोधित करेगे।
कार्यक्रम में व्यापार मण्डल के कई पदाधिकारी जो विभिन्न प्रांतों से सांसद, विधायक व पूर्व सांसद, विधायक है वह भी सहभागिता करेंगे, साथ ही सभी प्रांतों से व्यापार मण्डल से सैकड़ों पदाधिकारी इस सम्मेलन में दिल्ली पहुंच रहे है। श्री टण्डन ने कहा कि उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को राष्ट्रीय व्यापारी दिवस एवं भामाशाह सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाता है। विभिन्न संगठनात्मक मुद्दे सहित व्यापारिक विषयों जैसे आनलाइन व्यापार से प्रभावित हो रहे छोटे खुदरा व्यापार, खाद्य सुरक्षा अधि नियम के मानकों में व्यापक सुधार जी.एस.टी. विभाग से व्यापारियों को आ रही छोटी-छोटी दिक्कतें व जी.एस.टी. की स्लैब कम करने को लेकर एवं एक देश एक मण्डी टैक्स (0.5 प्रतिशत) को लागू किये जाने को लेकर व्यापारी प्रतिनिधि सरकार से मांग करते हुये इसकी योजना-रचना बनायेंगे। साथ ही इस अधिवेशन में व्यापारियों की अनेक इसी प्रकार की समस्याओं में गहन चिंतन कर समस्याओं के निस्तारण हेतु आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। श्री टण्डन ने कहा कि संगठन के दिवगंत मार्गदर्शकों पंडित श्याम बिहारी मिश्रा, मनोहर लाल व विजय प्रकाश जैन के द्वारा दिखाये मार्ग पर देश के व्यापारी आगे बढ़कर कार्य करेंगे। उक्त भव्य व्यापारी सम्मेलन के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा, प्रदेश चेयरमैन महेन्द्र जैन मयूर, प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र गुप्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशानुसार सहारनपुर जनपद से बडी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिडढा, मेजर एस. के. सूरी पवन कुमार गोयल, राकेश गाबा, कपिल डाबर, अभिषेक भाटिया, रमेश डावर, मुरली खन्ना आदि उपस्थित रहे।
