गौरव सिंघल, सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सहारनपुर पुलिस निरंतर सेवा एवं सुरक्षा के संकल्प के साथ कार्यरत है। इसी क्रम में थाना गागलहेड़ी पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत अपने साथियों से बिछड़े दो कांवड़ियों को खोजकर सकुशल उनके साथियों से मिलवाते हुए मानवता एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
बता दे रात्रि में पीआरवी-5981 के माध्यम से थाना गागलहेड़ी पर सूचना प्राप्त हुई कि तरुण पुत्र मुकेश निवासी बरवाला, जनपद पंचकुला (हरियाणा) अपने दो साथियों अंकुश पुत्र सुखविन्दर एवं वाशु पुत्र पप्पी, निवासीगण बरवाला, पंचकुला (हरियाणा) के साथ हरिद्वार से पवित्र कांवड़ लेकर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में दोनों साथी उनसे बिछड़ गए। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका, जिसके उपरांत उन्होंने पुलिस से सहायता की गुहार लगाई। सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष गागलहेड़ी धर्मेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व में थाना पुलिस की टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस द्वारा त्वरित खोजबीन एवं प्रभावी प्रयास करते हुए दोनों लापता कांवड़ियों अंकुश एवं वाशु को सकुशल खोज लिया गया। इसके उपरांत दोनों कांवड़ियों को उनके साथी तरुण कुमार से उनकी पवित्र कांवड़ सहित सुरक्षित मिलवाकर उनके गंतव्य के लिए सकुशल रवाना किया गया। अपने साथियों से पुनः मिलकर कांवड़ियों एवं उनके परिजनों ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सहारनपुर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार की सराहना की।
पुलिस का संदेश है कि श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान यदि कोई श्रद्धालु अपने साथियों से बिछड़ जाए अथवा किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी, पीआरवी अथवा डायल-112 से संपर्क करें। सहारनपुर पुलिस आपकी सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए 24×7 प्रतिबद्ध है।
