शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज स्वायत्तशासी महाविद्यालय के उन्नत भारत प्रकोष्ठ द्वारा गोद लिए गए ग्राम ’भोपा एवं महमूदनगर माजरार में शिक्षा सबके लिए विषय पर एक दिवसीय शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन उन्नत भारत प्रकोष्ठ के समन्वयक विकास कुमार के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में समान अवसर प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामवासियों को सर्व शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बालिका शिक्षा, वयस्क शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, सरकारी शैक्षिक योजनाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा नई शिक्षा नीति के प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति विशेष जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
बायो साइंस विभाग के सहायक प्रवक्ता अंकित कुमार ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ समाज को प्रगतिशील और आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मिलकर यह संकल्प लें कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा प्रत्येक परिवार शिक्षा को अपने जीवन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल करे।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने बच्चों की नियमित शिक्षा, विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।
