कांवड़ियों की सुविधा हेतु विद्युत विभाग ने जारी की गाइडलाइन

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। विद्युत विभाग ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अपनी तैयारियों को पूरा करते हुए गाइडलाइन जारी की है। जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि कांवड़ियों की सुविधा हेतु जिन भी व्यक्तियों द्वारा कांवड़ शिविर लगाए जा रहे हैं, उनकी सुविधा के लिए शिविर पंडाल हेतु अस्थाई विद्युत कनेक्शन सिंगल विंडो काउंटर के माध्यम से विद्युत वितरण खंड वाणिज्य प्रथम टाउनहॉल, जानसठ और खतौली से संपर्क किया जा सकता है। 

गाइडलाइन के अनुसार कांवड यात्रा के लिए प्रत्येक कनेक्शन हेतु प्रोसेसिंग फीस 100 रूपये है। इसके साथ ही 336 रूपये प्रति किलोवॉट प्रति दिन 4 किलोवॉट तक अनमिटर्ड सहित 5600 रूपये प्रति दिन 05 किलोवॉट से लेकर 20 किलोवॉट तक विद्युत विभाग को भुगतान करना होगा। 

जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि विद्युत की लाइनों एवं विद्युत पोलों से दूरी बनाएं रखें और विद्युत परिवर्तकों की सुरक्षा हेतु बनाए गए बैरिकेटिंग पर कांवड़ या अन्य सामान न टांगे। इसके साथ ही विद्युत लाइनों के नीचे सेवा शिविर स्थापित न करें। ऊंची कांवड़ लाते समय यह सुनिश्चित करें कि वह ऊपर जा रहे विद्युत लाइनों से पर्याप्त अंतर पर रहे। विद्युत विभाग के अफसरों ने दो टूक कहा है कि सेवा शिविर में वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही विद्युत का प्रयोग करें और संयोजन से पूर्व विद्युत सुरक्षा निदेशालय की अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लें।

Post a Comment

Previous Post Next Post