माय भारत जिला सलाहकार समिति की प्रथम परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक आयोजित, युवाओं से पोर्टल पर अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करने की अपील

गौरव सिंघल, सहारनपुर। आज कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल की अध्यक्षता में 'माय भारत' जिला सलाहकार समिति की प्रथम परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)  आरए वर्मा का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। बैठक के प्रारंभ में समिति के सदस्य सचिव एवं जिला युवा अधिकारी  कुश कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) तथा उपस्थित सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए माय भारत पोर्टल की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं विभिन्न सुविधाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार की यह महत्वाकांक्षी पहल 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, उन्हें नेतृत्व, स्वयंसेवा, कौशल विकास एवं सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा कार्यक्रमों में भागीदारी, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने, कौशल विकास कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, अनुभवात्मक शिक्षण, विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण तथा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं मेंटर्स से सीधे जुड़ने जैसी अनेक सुविधाएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने तथा अपने विचार मंत्रियों एवं सांसदों के समक्ष रखने का अवसर भी मिलता है। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इसके विजेता प्रतिभागियों को ऐतिहासिक सियाचिन भ्रमण का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि आगामी 4 अगस्त को नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने सभी युवाओं से www. mybharat.gov.in पर पंजीकरण कर जिले में आयोजित गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक, ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर पर युवाओं का अधिकतम एवं समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा तथा स्वयंसेवक इस पोर्टल से जुड़कर अपने व्यक्तित्व एवं कौशल का विकास कर सकते हैं। उन्होंने पंजीकरण के लिए आवश्यक मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो एवं शैक्षणिक विवरण आदि एकत्र कर व्यापक जन-जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, पंचायती राज, युवा कल्याण तथा अन्य संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर एक साझा कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया, ताकि जिले के अधिकाधिक युवाओं को पोर्टल पर उपलब्ध वालंटियर कार्यक्रमों, अनुभवात्मक शिक्षण, नेतृत्व विकास एवं सामुदायिक गतिविधियों का लाभ मिल सके। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) आरए वर्मा ने भी 'माय भारत' पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पंजीकरण अभियान को गति प्रदान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी विभागों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा, जिला युवा कल्याण अधिकारी राहुल सिद्धार्थ, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आराधना, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल, राष्ट्रीय कैडेट कोर से गुरनाम सिंह एवं विक्रम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप सिंह, जिला सूचना अधिकारी  दिलीप गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं माय भारत के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post