गौरव सिंघल, देवबंद। दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देवबंद नगर में सडकों ने तालाब का रूप धारण कर लिया है। दो दिन के दौरान बाजारों में गिनी-चुनी दुकानें ही खुली नजर आई। पूरे दिन बाजारों और सडकों पर सन्नाटा पसरा रहा। बारिश के चलते देवबंद नगर के कई मोहल्लों और कॉलोनिया की सड़कें पानी से लबालब हो गई। जिससे लोगों को बडी परेशानियों का सामना करना पडा। बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश से देवबंद नगर के मोहल्ला शाहजीलाल, बस स्टैंड रोड, लहसवाडा चौक, आबकारी रोड, बडजियाउलहक, ईदगाह रोड, बैरुन कोटला सहित मुख्य सड़कों पर पानी भरने के चलते नगर के लोग परेशान रहे। उधर ज्यादातर देहात के रास्तों पर पानी भरने के चलते ग्रामीणों को नगर में प्रवेश करने में बडी परेशानियों का सामना करना पडा।
मानसून की पहली बारिश ने मौसम को बेहद खुशगवार कर दिया और तापमान में 12 से 15 डिग्री सेल्सियस की नमी दर्ज की गई। जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक किसानों के लिए यह बारिश बेहद ही फायदेमंद है। लेकिन साग और भाजी, लौकी, तोरी के उत्पादक किसानों को फिर से कठिनाइयां पेश आई हैं।निचले इलाकों में जल जमाव होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार और जबरदस्त बारिश होने से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। विद्युत आपूर्ति भी बड़े पैमाने पर बाधित हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी कुछ दिन और ऐसे हालात बने रहने वाले हैं।
