गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश के पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छजुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवलोक फूड प्रोडक्ट पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर अचार, टोमैटो सॉस, रेड चिली सॉस, सोया सॉस एवं सिंथेटिक विनेगर बिक्री हेतु तैयार अवस्था में पाए गए। मौके पर अचार की पैकिंग का कार्य भी संचालित पाया गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर बिक्री हेतु तैयार रखे टोमैटो सॉस एवं रेड चिली सॉस के दो नमूने संग्रहित कर खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजे गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के आधार पर संचालक को सुधार सूचना जारी की जा रही है तथा निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदंबा प्रसाद, जवाहर लाल, विनोद कुमार, कुलदीप तिवारी एवं अमित गौतम उपस्थित रहे।
