पूर्व मंत्री संजय गर्ग भारत विकास परिषद के पर्यावरण प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संरक्षक घोषित

गौरव सिंघल, सहारनपुर भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश जैन ने आज सहारनपुर के प्रख्यात पर्यावरणविद एवं पूर्व मंत्री संजय गर्ग को भारत विकास परिषद के पर्यावरण प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय संरक्षक घोषित किया। संजय गर्ग ने इस घोषणा पर कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सुरेश जैन जी ने दी है वे उनका आभार व्यक्त करते हैं और जो कुछ भी उनसे बन पड़ेगा वह अपनी भरपूर सेवा देने का काम करेंगे। यह घोषणा करते हुए सुरेश जैन ने कहा कि संजय गर्ग कई वर्षों से निष्ठा और समर्पण के साथ पर्यावरण संवर्धन के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके जैसे समर्पित कार्यकर्त्ता देश में बहुत कम हैं। सुरेश जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद से दो लाख परिवार जुड़े हुए हैं। उनका संगठन बालक से लेकर वृद्ध तक मूलभूत संस्कारों को देने का काम करता है। उनका संगठन गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को उच्च शिक्षा के लिए भरपूर आर्थिक सहायता करता है। उनके संगठन ने दिल्ली यूनिवर्सिटी की चौकीदार की बिटिया को एलएलएम की पढ़ाई के लिए एक लाख रूपए की सहायता प्रदान की है। उनका संगठन दिल्ली, इंदौर समेत अनेक स्थानों पर यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन की परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग सुविधा प्रदान कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post