शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आज उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निर्धारित 8, 9 व 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि 8 व 9 तथा 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा दो पालियों में में होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली 3 से 5 तक आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में 8232 अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा जनपद के 17 केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 17 केंद्र व्यवस्थापक, 36 सहायक केंद्र व्यवस्थापक, 686 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि जिस तरह पूर्व में परीक्षाएं कराई है, ठीक उसी प्रकार यह भी परीक्षा भी पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी, नकल विहीन, और सुचिता पूर्वक से संपन्न कराए जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए परीक्षा में जिन अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वह पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी करें, परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंच जाएं। उन्होंने निर्देश दिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा जो दिशा-निर्देश दिए हैं, उनको अच्छे से पढ़ लें तथा उसी के आधार पर कार्य करें।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्र का पहले से निरीक्षण कर जो कमियां हो, उनको पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में परीक्षा केंद्रों छोड़ कर अन्य कक्षों को बन्द रखा जाए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता ना बरती जाए।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए परीक्षा केंद्र में पीने के पानी, विद्युत, जनरेटर, पंखे, महिला व पुरुष शौचालय आदि व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा होने से पूर्व तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद तक सभी सीसीटीवी कैमरे संचालित रहे। उन्होंने निर्देश दिए जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, उन कर्मचारियों को आईडी कार्ड अवश्य दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक व्यक्ति कोई ना दिखाई दे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की परीक्षा केंद्र पर कोई भी मोबाइल व घड़ी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ना ले कर परीक्षा केंद्र पर जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी किसी प्रकार की उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में लापरवाही व शिथिलता ना बरती जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेंगे । उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में लगे सभी कर्मचारी बायोमेट्रिक सत्यापन अवश्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक उपस्थिति और मुख्य द्वार पर गहन जांच अनिवार्य है,परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में हो। उन्होंने कहा कि यातायात और परिवहन प्रबंधन 8, 9 व 10 जून को परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने और शहर के प्रमुख चैराहों पर सुचारू यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र तक पहुंचने में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के लिये परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, किसी भी प्रकार के गैजेट या पर्चियां ले जाना पूरी तरह वर्जित है।
इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चैबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

