गौरव सिंघल, मिर्जापुर। जनपद की कोतवाली मिर्जापुर पुलिस ने हाजी इकबाल उर्फ बाला के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने इकबाल के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने के लिए वादी को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने बताया कि 24 अप्रैल को मेघराज निवासी ग्राम शफीपुर ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि इकलाख निवासी बादशाही बाग उर्फ मायापुर रूपपुर एवं सलमान निवासी कुंजा ग्रांट थाना विकासनगर (उत्तराखंड) एवं अन्य खनन कारोबारी हाजी इकबाल के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमों को वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही उसकी जमीन पर कब्जा करने, जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इस शिकायत के आधार पर थाना मिर्जापुर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी इकलाख को यूनिवर्सिटी के गेट एवं सलमान को मगनपुरा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया है। पुलिसने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
