इनामी शहजान पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद की देहात कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शहजान को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार जनपद की देहात कोतवाली पुलिस टीम देवला सरकड़ी खुमार मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहजान निवासी मोहम्मदपुर गाढ़ा थाना जनकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस को गिरफ्तार आरोपी से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और लूट के 500 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार शहजान लूट के एक मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में गोकशी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post