संभावित आंधी-तूफान, तेज वर्षा, वज्रपात एवं खराब मौसम के दृष्टिगत अपील व एडवाइजरी जारी

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा आगामी समय में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात एवं खराब मौसम की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होंने सभी से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।उन्होंने कहा कि आपकी सतर्कता एवं सावधानी से किसी भी प्रकार की जनहानि एवं दुर्घटना को रोका जा सकता है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बच्चों, बुजुर्गों एवं पशुओं की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन अथवा कंट्रोल रूम को सूचना दें। उन्होंने बताया कि संभावित खराब मौसम, तेज आंधी, वर्षा, वज्रपात, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा आवश्यक बचाव एवं राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने जारी एडवाइजरी में कहा है कि आंधी-तूफान व खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों एवं पेड़ों के नीचे खड़े न हों, कच्चे एवं कमजोर मकानों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, घरों की खिड़कियां एवं दरवाजे बंद रखें, छतों पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित बांध दें, वाहन धीरे चलाएं एवं अनावश्यक यात्रा से बचें व बिजली के खंभों एवं टूटे तारों से दूर रहें।

वज्रपात से बचाव के सम्बन्ध में उन्होंने कहा है कि बारिश एवं गरज-चमक के दौरान मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करें, खुले मैदान, तालाब, नदी एवं ऊंचे स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें, धातु की वस्तुओं एवं बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखें, घर में रहें एवं विद्युत उपकरणों के प्लग निकाल दें व खेतों में कार्य कर रहे किसान तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि जब गरज सुनाई दे, तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं। उन्होंने कहा कि तेज वर्षा एवं जलभराव के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, नालों, पुलों एवं तेज बहाव वाले पानी के पास न जाएं, बच्चों को पानी भरे क्षेत्रों में खेलने न दें, पीने के पानी को ढककर रखें एवं उबालकर प्रयोग करें व आवश्यक दवाइयां एवं टॉर्च आदि पहले से तैयार रखें।

उन्होंने किसानों हेतु विशेष सलाह देते हुए कहा है कि मौसम खराब होने की संभावना पर कटाई की गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, कृषि उपकरण एवं पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधें, खेतों में कार्य करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखें व बिजली चमकने पर तुरंत खेत से बाहर निकल जाएं। उन्होंने पशुपालकों हेतु सलाह देते हुए कहा है कि पशुओं को खुले स्थानों पर न बांधें, पशुशालाओं की मजबूती सुनिश्चित करें, पशुओं के लिए सूखा चारा एवं स्वच्छ पानी की व्यवस्था रखें। उन्होंने आपातकालीन तैयारी के सम्बन्ध में कहा है कि मोबाइल फोन चार्ज रखें, आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित एवं जलरोधक स्थान पर रखें, प्राथमिक उपचार किट तैयार रखें, टॉर्च, बैटरी एवं आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध रखें।

उन्होंने बताया कि संभावित आंधी-तूफान, तेज वर्षा, वज्रपात एवं खराब मौसम के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय किये गये हैं, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है, स्वास्थ्य विभाग एवं एम्बुलेंस सेवाएं सक्रिय, किये गये हैं, विद्युत एवं नगर निकाय विभाग को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है व संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि संभावित आंधी-तूफान, तेज वर्षा, वज्रपात एवं खराब मौसम के दृष्टिगत आपातकालीन संपर्क, इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर / कंट्रोल रूम नम्बर 9412210080, पुलिस- 112, एम्बुलेंस- 108, अग्निशमन- 101 जारी किये गये हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post