गौरव सिंघल, देवबंद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 7 मई के देवबंद आगमन को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक अवसर पर बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री जसवंत सैनी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक महत्वपूर्ण मांग पत्र प्रेषित किया है। इस ज्ञापन में देववृंद की पौराणिक अस्मिता की पुनर्स्थापना और क्षेत्र के आध्यात्मिक विकास से जुड़ी दो प्रमुख मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया गया है। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के इस स्वर्ण काल में देवबंद को उसकी वास्तविक पहचान मिलना समय की मांग है। जिसमें कहा कि इतिहास और स्थानीय साक्ष्यों के अनुसार इस पावन भूमि का मूल नाम देववृंद है, जो कालांतर में अपभ्रंश होकर देवबंद बन गया। जिस प्रकार वर्तमान सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों को उनके गौरवशाली पौराणिक नाम वापस लौटाए हैं, उसी श्रृंखला में देवबंद का नाम बदलकर देववृंद किया जाना न केवल इस क्षेत्र की ऐतिहासिक गरिमा को पुनर्स्थापित करेगा, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित जन-जन की भावनाओं का सम्मान भी होगा। ज्ञापन में दूसरी प्रमुख मांग क्षेत्र की अगाध श्रद्धा के केंद्र सिद्धपीठ त्रिपुर माँ श्री बाला सुंदरी देवी मंदिर के सर्वांगीण विकास की रखी गई है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का आधार होने के बावजूद सुविधाओं के अभाव में इस दिव्य स्थल को वह स्थान प्राप्त नहीं हो सका है जिसका यह हकदार है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की है कि मंदिर परिसर का भव्य जीर्णोद्धार कराया जाए और इसे विधिवत 'तीर्थ क्षेत्र' घोषित किया जाए। इस निर्णय से यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी और धार्मिक पर्यटन के माध्यम से इस पावन भूमि की गरिमा विश्व पटल पर अंकित होगी।
इस अवसर पर बजरंग दल पूर्व प्रांत बलोपासना प्रमुख कपिल मोहड़ा व पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल सिंह पुंडीर भी उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी इस यात्रा के दौरान इन महत्वपूर्ण विषयों पर ऐतिहासिक निर्णय लेकर क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नया स्वरूप प्रदान करेंगे।
