शि.वा.ब्यूरो, उज्जैन। देश में पिछले दो महीनों के भीतर खाद निर्माता कंपनियों द्वारा उर्वरकों के दामों में की गई अनियंत्रित बढ़ोतरी को लेकर 'ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन' ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलन्त्री ने किसानों के हित में इस बेतहाशा मूल्य वृद्धि पर तुरंत रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार का दरवाजा खटखटाया है।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय कुमार रघुवंशी एवं सुनील नाहर बेरछा ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा तथा उर्वरक मंत्रालय के उच्च अधिकारियों को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पत्र में इस बात पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया गया है कि पिछले दो माह में खाद निर्माता कंपनियों ने डीएपी और यूरिया को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के उर्वरकों की अधिकतम खुदरा मूल्य में भारी और अनियंत्रित बढ़ोतरी कर दी है। संजय कुमार रघुवंशी ने बताया कि कंपनियों द्वारा बिना किसी ठोस नियंत्रण के एमआरपी बढ़ाए जाने से सीधे तौर पर किसानों की खेती की लागत बढ़ रही है। यदि इस पर तुरंत नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो किसानों पर आर्थिक बोझ असहनीय हो जाएगा।
एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की है कि खाद निर्माता कंपनियों की इस मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल कोई ठोस नीतिगत निर्णय लिया जाए और एमआरपी को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने बताया कि संगठन को पूरी उम्मीद है कि मोदी सरकार इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए देश के करोड़ों अन्नदाताओं के हित में जल्द ही राहतकारी कदम उठाएगी।

