शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० जितेन्द्र गुप्ता ने जनपद के समस्त कुक्कुट पालकों को अवगत कराया है कि जनपद में एक दिवसीय जनपद स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव / कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जाना है। उन्होंने बताया कि कुक्कुट पालन में रूचि रखने वाले व्यक्तियों को कुक्कुट विकास नीति-2022 अन्तर्गत निवेश बढाने तथा प्रदेश में पोल्ट्री क्षेत्र के समग्र विकास हेतु संचालित सरकारी योजनाओं एवं नीतियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए वैज्ञानिक एवं आधुनिक पोल्ट्री प्रबन्धन के विषय में जागरूकता बढाने एवं पोल्ट्री उद्यमियों से उनकी समस्याओं पर चर्चा करने हेतु यह आयोजन किया जायेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन से प्रदेश में कुक्कुट विकास को बढावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की पूर्ण जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि जो कुक्कुट पालक कुक्कुट व्यवसाय करने में इच्छुक हो, उसका सरकारी योजना में आवेदन कराया जायेगा। उन्होंने जनपद के कुक्कुट पालको से उक्त जनपद स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव / कुक्कुट निवेश सम्मेलन में प्रतिभाग करने की अपील करते हुए बताया कि चाहता है, यह कार्यक्रम एकदम निःशुल्क है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के कार्यालय में कराया जा सकता है।
