गौरव सिंघल, देवबंद। भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले जी के निधन पर संस्कार भारती, सहारनपुर विभाग द्वारा संत नगर स्थित कार्यालय पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रांतीय मंचीय कला संयोजक डा० लोकेश वत्स ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, "आशा जी का जाना भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत है। उन्होंने अपनी जादुई आवाज से दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज किया। उनका निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।"
जिला महासचिव स्तुति शर्मा (एडवोकेट) ने कहा, "आशा भोसले जी निरंतर साधना और जीवंतता की प्रतीक थीं। उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर सुगम संगीत तक, हर विधा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उनका संगीत सदैव भावी पीढ़ी का मार्गदर्शन करेगा। जिला अध्यक्ष मुकुल गुप्ता ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा, "संस्कार भारती परिवार इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। संगीत के आकाश का एक चमकदार सितारा आज ओझल हो गया है।"
शोक सभा में मुख्य रूप से दीपक कुमार, मन शर्मा, पूरनचंद, सुरेश चंद्र शर्मा, ए.के. शर्मा, मनोज कुमार, और रविंद्र कश्यप (एडवोकेट) सहित विभाग के अनेक कार्यकर्ता व प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
