श्रीराम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर सम्पन्न

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम सहावली में आयोजित सात दिवसीय आवासीय विशेष शिविर का आज समापन किया गया। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने संत रविदास मंदिर के प्रांगण’ में ’फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं को ’वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा एवं संरक्षण, महिला छात्रावास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा कन्या भ्रूण हत्या’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में वे संबंधित संस्थानों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर ’आंतरिक शिकायत समिति की प्रेसीडिंग ऑफिसर डॉ. पूजा तोमर’ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से ही महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के बारे में सही जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा दें। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में अंकित कुमार, निखिल, युग, खुशी, दुर्गेश, अंजला, हनी सिंघल, ममता, रिया, इकरा, यश, ऋतिक कुमार, आर्यन, रेशम, सानिया, कंचन त्यागी, स्वाती, वीनस तथा इरम इत्यादि उपस्थित रहे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post