गौरव सिंघल, सहारनपुर। सहारनपुर-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरसावा में बीती देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एक कार और एंबुलेंस की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। विशाल और उसके तीन दोस्त अभिषेक, मोहित और विकास सरसावा में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर हादसा हो गया। जिसमें विशाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीनों युवक घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीदपुर गांव निवासी विशाल (28) पुत्र नृसिंह अपने तीन दोस्तों अभिषेक, मोहित और विकास के साथ सरसावा कस्बे में आयोजित महाराजा भागीरथ मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में टेंट आदि लगाने के बाद अपने गांव लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास जैसे ही उनकी कार पहुंची, तभी सहारनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार विशाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों द्वारा उनकी जान बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
