गौरव सिंघल, देवबंद। राजकीय डिग्री कॉलेज में साइंस कक्षाओं को शुरू कराए जाने की क्षेत्र के लोगों और छात्र-छात्राओं की 40 वर्षों से अधिक पुरानी मांग आज पूरी हो गई है। राजकीय डिग्री कॉलेज, देवबंद में विज्ञान संकाय हेतु ₹6 करोड़ 60 लाख 23 हजार की लागत से निर्मित होने वाले नवीन भवन का आज विधिवत भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री बृजेश सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य ने की, जबकि संचालन प्रोफेसर श्रीमती टीना मैम ने किया। मुख्य अतिथि कुंवर बृजेश सिंह ने भूमि पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि विज्ञान कक्षाओं के प्रारंभ होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ अब अपने ही नगर देवबंद में मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद देवबंद के अध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख विजय त्यागी, गन्ना समिति अध्यक्ष उपेंद्र चौधरी, सेठ कुलदीप कुमार छाबड़ा, डॉ. सुखपाल सिंह, सुभाष मित्तल, राकेश गांगुली, श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला अध्यक्ष सभासद विपिन त्यागी, अजय गांधी, सहित देवबंद नगर के अनेक गणमान्य लोग, कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया।


